बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का 60 वां जन्मदिन कार्यकर्ताओं ने धूमधाम से मनाया। 60 किलो का केक काटा और एक दूसरे को बधाई दी। साथ ही 2017 के विधानसभा चुनाव में बसपा की सरकार बनवाने का संकल्प लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री मायावती के जन्मदिन कार्यक्रम में तीनों विधानसभाओं से कार्यकर्ता मेरठ रोड स्थित एक सभागार में पहुंचे। पहले एलईडी लगाकर पूर्व मुख्यमंत्री मायावती की प्रेस कांफ्रेंस का सीधा प्रसारण दिखाया गया। मुख्य अतिथि कमल जाटव, विशिष्ट अतिथि विधायक लोकेश दीक्षित, हेमलता चौधरी, मांगेराम जाटव, हरवीर संह, बाबू चमनलाल, छपरौली विधानसभा प्रभारी वकील चौधरी, जिलाध्यक्ष जयकुमार जाटव ने 60 किलो का केक काटा।
जोन कोआर्डिनेटर कमल जाटव ने कहा कि सपा सरकार से सभी त्रस्त हो चुके हैं। 2017 में तीनों विधानसभा सीटें बसपा की होंगी। विधायक लोकेश दीक्षित ने कहा कि बसपा शासन में बदमाश या तो जिले से बाहर चले जाते हैं या फिर जेल के सींखचों के पीछे नजर आते हैं।
छपरौली विधानसभा प्रभारी वकील चौधरी ने कहा कि बसपा में कानून व्यवस्था से हर कोई संतुष्ट रहा, लेकिन अब तो पूरी व्यवस्था ही चौपट हो चुकी है। हेमलता चौधरी ने कहा कि लोग अधिकारियों के चक्कर लगा-लगा कर थक जाते हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं होती।
अध्यक्षता जिलाध्यक्ष जय कुमार जाटव ने की। कार्यक्रम में लोकसभा प्रभारी बबलू कौशिक, विक्रम भाटी, ओम अग्रवाल, संदीप, हाजी फिरोज, राजपाल, केवल गौतम, मोमीन अली, शशिकांत प्रेमी, ओमप्रकाश कश्यप, इरशाद, श्यामसुंदर गौतम, कुंवर सिंह, हरपाल सिंह, सुरेंद्र, दिनेश प्रधान, जाकिर मलिक, सतेंद्र मौर्य, चौधरी मुबस्सिर मौजूद रहे।