त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में कैद हुई ईवीएम
बागपत। जिले में लोकसभा चुनाव शांति के साथ निपट गया। सभी प्रत्याशियों का भाग्य भी ईवीएम में कैद हो गया है। ईवीएम मशीनों को खेकड़ा के लख्मीचंद पटवारी कालेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। 23 मई को मतगणना होगी।
बृहस्पतिवार शाम मतदान समाप्त होने के बाद भारी सुरक्षा बल और प्रशासनिक अमले की निगहबानी में सभी ईवीएम मशीनों को लख्मीचंद पटवारी कालेज में बनाए गए स्ट्रांग रूम में सुरक्षित रख दिया गया। ईवीएम की सुरक्षा के लिए प्रशासन ने पुख्ता इंतजाम किए गए। ईवीएम को तीन स्तर पर सुरक्षा दी गई है। पहले स्तर पर पैरा मिलिट्री फोर्स का पहरा रहेगा। दूसरे और तीसरे स्तर पर जनपद के पुलिस कर्मी निगहबानी करेंगे। ये जवान चौबीस घंटे यहां तैनात रहेंगे। एएसपी रणविजय सिंह ने बताया कि छह स्ट्रांग रूमों में ईवीएम मशीनों को रखा गया है। बाहर से दरवाजे सील किए गए हैं। सभी स्ट्रांग रूमों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए है। इसके साथ ही इंस्पेक्टरों की भी ड्यूटी लगाई गई है। आठ-आठ घंटे की शिफ्ट में इंस्पेक्टर ड्यूटी करेंगे। पुलिस क्षेत्राधिकारी संचालन केंद्र का भ्रमण कर जवानों पर नजर रखेंगे। उन्होने बताया कि ईवीएम की सुरक्षा में एक सौ के लगभग जवान तैनात किए गए है। 23 मई को मतगणना होगी। केंद्र के अंदर बाहरी लोगों पर प्रतिबंध रहेगा। ईवीएम की सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए है।