बागपत। बागपत में भी गोकशी को लेकर तनाव की स्थिति रहती है। जिले में भी गोकशी को लेकर आए दिन तनाव रहता है। बजरंग दल, विहिप, हिंदू जागरण मंच समेत अन्य कई दल जनपद में कई स्थानों पर हंगामा कर चुके हैं। पुलिस पर आए दिन लापरवाही बरतने के आरोप लगते हैं। बड़ौत में गोकशी के मामले में कई बार तनाव बन चुका है। बूचड़खानों का विरोध भी हो चुका है। गोकशी को लेकर पुलिस और पब्लिक के बीच भी कई बार टकराव भी हुआ, लेकिन जिले में हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं।
केस 1-
सिसाना गांव के जंगल में तीन गोवंश का कटान किया। हिंदू संगठनों ने गोकशी को लेकर खूब हंगामा किया । इस दौरान दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाया।
केस 2-
बागपत में लोविनि गेस्ट हाउस के पास दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल खराब करने के उद्देश्य से गोवंश के अवशेष फेंके, लेकिन पुलिस ने मामले को संभालकर माहौल बिगड़ने से बचाया था।
केस 3-
बड़ौत में पूर्वी यमुना नहर पर बड़ौली के पास गोवंश के अवशेष मिले थे। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने कई दिन तक हंगामा किया। हाईवे तक जाम किया। पुलिस पर गोवंश तस्करों से मिलने होने तक का आरोप लगाया था।
केस 4-
हिलवाड़ी गांव के जंगल में गोवंश का कटान किया। गोवंश की खाल और अवशेष मिलने पर ग्रामीण भड़क गए थे। कई दिन तक हंगामा किया। हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने भी कोतवाली में जमकर हंगामा किया।
केस 5-
बड़ौत कोतवाली के ठीक सामने कुरैशियान मोहल्ले में गोवंश के कटान का आरोप लगाकर हिंदू संगठनों के सदस्यों ने हंगामा किया। पुलिस ने छापा लगाकर गोवंश कटान भी पकड़ा था। इसके अलावा बड़का गांव के जंगल में भी गोवंश कटान मिल चुका है।
केस 6-
छपरौैली थाना क्षेत्र के बाछौड़ गांव के पास मुख्य रास्ते पर गोवंश का कटान किया । आक्रोशित ग्रामीणों ने थाने पर धरना देकर पुलिस का घेराव किया था। पुलिस को ग्रामीणों के गुस्सा भी झेलना पड़ा।
गोकशी के 17 मुकदमे हो चुके हैं दर्ज
बागपत। वर्ष 2018 में अब तक गोकशी के 17 मुकदमे दर्ज हैं। अधिकतर मुकदमों में पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। वर्ष 2017 में गोकशी के 14 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2016 में गोकशी के सबसे ज्यादा 24 मामले दर्ज हैं।
गोकशी को रोकना पुलिस की जिम्मेदारी
बागपत। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने बताया कि गोकशी को रोकना पुलिस की जिम्मेदारी है। किसी भी कीमत पर गोकशी नहीं होने दी जाएगी। कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। गोकशी करने वालों पर पुलिस नजर रखे हैं।