बड़ौत (बागपत)।
भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के महानिदेशक कार्यालय ने शहजाद राय शोध संस्थान के निदेशक डॉ. अमित राय जैन को पत्र भेजकर सूचित किया है कि केंद्रीय संस्कृति मंत्री डॉ. महेश शर्मा के निर्देश पर संस्थान के प्रस्ताव के मद्देनजर सिनौली के सत्र 2018-19 के उत्खनन के लिए तीन अक्तूबर 2018 को आदेश जारी किए। उनके अनुसार दिसंबर माह के मध्य में भारतीय पुरातत्व संस्थान की टीम सिनौली में पहुंचकर सर्वेक्षण कार्य शुरू करेगी।
सिनौली उत्खनन के विषय में जानकारी देते डॉ. अमित राय जैन ने बताया कि उत्खनन की अवधि प्रारंभ होने से 30 सितंबर 2019 तक रहेगी। ज्ञातव्य है कि सिनौली के 2005 व 2017-18 के उत्खनन से प्राप्त प्राचीनतम शवाधान केंद्र व शाही ताबूत व युद्ध रथों ने संपूर्ण विश्व में खलबली मचा दी थी। इतिहासकारों का दावा है कि यह संभव महाभारत कालीन है और होने वाले उत्खनन के दौरान यहां से और भी महत्वपूर्ण जानकारी मिल सकेगी।