बड़ौत (बागपत)। टयौढ़ी गांव में शनिवार की रात्रि घर से कांवड़ियों को देखने दिल्ली-सहारनपुर हाइवे पर गए दो बच्चों को बाइक सवार टक्कर मारकर भाग गया। हादसे में एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
टयौढ़ी गांव निवासी मुकेश का सात वर्षीय पुत्र प्रियांशु कक्षा दो का छात्र था। प्रियांशु शनिवार की रात्रि कैलाश पुत्र सतीश निवासी टयौढी के साथ कांवड़ियों को देखने के लिए हाइवे पर गया था। वे सड़क किनारे खड़े थे, तभी दिल्ली की ओर से एक बाइक सवार आया और उन्हें टक्कर मारकर भाग गया। दोनों घायलों को बड़ौत के एक निजी अस्पताल लाया गया जहां प्रियांशु ने दम तोड़ दिया, जबकि कैलाश को मेरठ के सुभारती मेडिकल कॉलेज मेें भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। प्रियांशु अपने पिता का इकलौता बेटा था। उसकी की तीन बहन हैं। इस मामले मेें पुलिस मेें कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है और न पोस्टमार्टम हुआ। प्रियांशु की मौत से परिवार मेें कोहराम मच गया। मां सविता का रोते-रोते बुरा हाल था। उसका यही कहना था कि अब बुढ़ापे मेें उसका सहारा कौन बनेगा। परिवार की महिलाएं उसका ढांढ़स बंधाने मेें जुटी है।