बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत और एसपी जयप्रकाश ने संयुक्त रूप से कहा सभी मजिस्ट्रेट अपनी ड्यूटी मुस्तैदी के साथ करेंगे। पारदर्शिता और निष्पक्ष चुनाव को कराया जाएगा। कहीं लापरवाही मिलती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई भी होगी।
कलक्टे्रट सभागार में निकाय चुनाव की समीक्षा करते हुए डीएम ने कहा चुनाव को शांतिपूर्वक कराया जाएगा। राज्य निर्वाचन आयोग उत्तर प्रदेश लखनऊ द्वारा दिए गए आदेशों के अनुपालन में शस्त्र लाइसेंस तत्काल जमा होने चाहिए और जो शरारती व्यक्ति हैं उनको भी जल्द से जल्द चिन्हित कर लिया जाए। बिना अनुमति के किसी का कोई होर्डिंग, बैनर, रैली नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। एसपी ने कहा सभी पुलिस अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में शाम को फ्लैग मार्च निकालेंगे। शरारती अफवाह फैलाने वाले व्यक्तियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। जो भी कानून और आचार संहिता का उल्लंघन करता है कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी सीओ क्षेत्रों के असलाह जल्द से जल्द जमा करवाएं। एडीएम वित्त लोकपाल सिंह, एएसपी अजय कुमार, एसडीएम बागपत विवेक कुमार यादव, खेकड़ा आशीष कुमार, बड़ौत अरविंद्र कुमार और सभी सीओ मौजूद रहे।