बड़ौत (बागपत)।
दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेनों मेें खिड़कियां पर लटक कर सफर करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए मंगलवार को जीआरपी ने अभियान चलाया। इससे बेटिकट यात्रियों में भी अफरातफरी मच गयी। हालांकि अभियान के पहले दिन पकड़े गए यात्रियों को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
मंगलवार को जीआरपी थाना प्रभारी सुखपाल व एसएसआई अजय पंवार के संयुक्त नेतृत्व में जीआरपी की टीम ने दिल्ली-सहारनपुर रेल मार्ग पर चलने वाली ट्रेन नंबर 74021, 51910, 51911, 54745 आदि में खिड़कियां पर लटक कर सफर करने वाले यात्रियों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान चलाया गया। इसकी सूचना पर ट्रेन में बेटिकट यात्रा करने वाले यात्रियों मेें भी हड़कंप मच गया। अभियान के दौरान दर्जनों युवकों को खिड़कियां पर सवार होकर सफर करने व बेटिकट यात्रा करने पर पकड़ा गया। हालांकि उन्हें बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। एसएसआई अजय पंवार ने बताया कि हादसों पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान शुरू किया गया है। पहले दिन मात्र चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। यदि कोई दोबारा से ऐसे ही यात्रा करते पकड़ा गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई करते हुए 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।