छपरौली। हेवा गांव में रविवार रात पूर्वी यमुना नहर की पटरी टूटने से 50 बीघा फसल जलमग्न हो गई है। खेतों में पानी भरने से सरसों, गेहूं व ईंख की फसल को नुकसान पहुुंचने का खतरा बन गया है। किसानों ने काफी मशक्कत के बाद मिट्टी डालकर पटरी को सही किया।
हेवा गांव से खंद्रावली पूर्वी यमुना नहर की पटरी गुजर रही है। रविवार रात अचानक पटरी टूट गई। इससे किसान अनिल कुमार, सुनील कुमार, राजवीर सिंह, संयम खोखर, उत्तम खोखर आदि किसानों के खेतों में खड़ी करीब 50 बीघा ईंख, गेहूं व सरसों की फसल जलमग्न हो गई। बताया कि सोमवार सुबह जब वह खेतों में पहुंचे तो खेतों में पानी भरा हुआ था। इसकी सूचना सिंचाई विभाग व किसानों को दी। सूचना मिलते ही काफी संख्या में किसानों ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी के भरे कट्टे आदि डालकर पटरी को ठीक किया और पानी पर काबू पाया। किसानों से डीएम अस्मिता लाल से शिकायत कर फसल का मुआवजा दिलवाने की मांग की। वहीं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता रजनीश कुमार ने बताया कि अधिक पानी आने के कारण पटरी टूट गई थी। कर्मचारियों को भेजकर पटरी सही कराई।