अभिभावक स्पेशल बूथ पर 79 और महिला बूथ पर 102 का टीकाकरण
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। जिले में बृहस्पतिवार को लक्ष्य के सापेक्ष 73.39 फीसदी लाभार्थियों ने कोरोना का टीका लगवाया। बिनौली में सर्वाधिक 99 फीसदी और पिलाना में सबसे कम 55.56 फीसदी लाभार्थी टीकाकरण कराने के लिए केंद्रों पर पहुंचे। इनके अतिरिक्त अभिभावक स्पेशल, महिला स्पेशल व 18 से 44 आयु वर्ग के टीकाकरण के लिए अलग से बूथ लगाए गए।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एसीएमओ डॉ. दीपा सिंह ने बताया कि नियमित टीकाकरण अभियान अंतर्गत 109 केंद्रों पर 6750 लाभार्थियों के टीकाकरण करने का माइक्रोप्लान तैयार किया गया था। इनमें से 4954 लाभार्थियों ने कोरोना का टीका लगवाया। बागपत ब्लॉक में 1700 में से 1094, बड़ौत में 1010, बिनौली 1100 में से 740, खेकड़ा में 650 में से 520 और पिलाना में 900 में से 500 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। जिले में लगाए गए दो अभिभावक केंद्रों पर 200 में से 79 और महिला स्पेशल केंद्रों पर 200 में से 102 महिला लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया। इसके अतिरिक्त 18 से 44 आयु वर्ग के टीकाकरण अभियान में बृहस्पतिवार को 1600 में से 1300 लाभार्थियों ने टीकाकरण कराया।