डीएम के फालोअर से 49 हजार रुपये ठगे
बागपत। डीएम का फालोअर ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गया। खुद को बैंक मैनेजर बता फालोअर से खाते की डिटेल पूछकर 49 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा एक अन्य युवक के खाते से भी 50 हजार रुपये निकाल लिए गए। पीड़ित ने तहरीर दी है।
डीएम कैंप कार्यालय में कार्यरत मगन सिंह ने पुलिस को बताया कि उसके मोबाइल पर अज्ञात नंबर से कॉल आई । कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का मैनेजर बताते हुए कहा कि उसका एटीएम बंद कर दिया गया है। जिसके बाद उससे सारी जानकारी ले ली। कुछ देर बाद उसके खाते से तीन बार में करीब 49 हजार रुपये निकाल लिए गए। बैंक में जानकारी की तो पता चला कि मैनेजर ने उसके पास कोई कॉल नहीं की। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दे दी है।इसके अलावा ट्यौढ़ी गांव निवासी सचिन ने पुलिस को बताया कि उसका सरूरपुर की बैंक शाखा में खाता है। उसके खाते से 49 हजार रुपये किसी ने एटीएम से निकाल लिए है। जबकि उसका एटीएम कार्ड उसके पास है। इस मामले में भी पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। उधर कोतवाली प्रभारी अरविंद कुमार का कहना है कि पुलिस जांच में जुटी है।
हमले के प्रकरण में मुकदमा दर्ज
बागपत। काठा गांव में वीरसैन के परिवार पर पिछले वर्ष 28 अक्टूबर को लाठी-डंडों से गांव के कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। इसमें कई सदस्य घायल हो गए थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सिर्फ एनसीआर दर्ज की थी। घायलों का अस्पताल में उपचार हुआ। घायल युवक पंकज की जिला अस्पताल और दिल्ली के जीटीबी हॉस्पिटल के चिकित्सकों द्वारा तैयार की गई मेडिकल रिपोर्ट पुलिस ने देखी तो उसकी गर्दन व रीढ़ की हड्डी टूटी मिली। जिसके बाद एनसीआर को मुकदमे में तरमीम किया। एफआईआर में युवक आकाश, गौरव, राहुल और कुलदीप के नाम शामिल है। उधर, पाली गांव निवासी इमराना ने बताया कि उसके बेटे मोहित से गांव के ही युवक ने 50 रुपये मांगे थे। मना करने पर दो युवकों ने बेटे पर चाकू से हमला कर दिया। इससे मोहित गंभीर रुप से घायल हो गया। आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर आरोपियो के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ। पुराना कस्बा के देशराज मोहल्ला निवासी ममता ने पुलिस को बताया कि महिला विद्या देवी, उसकी बेटी के अलावा अनिता ने उस पर जानलेवा हमला किया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जॉब का झांसा देकर ठगी करने पर रिपोर्ट
दाहा। मुजफ्फरनगर के भूपखेड़ी गांव निवासी युवक ने कोर्ट में प्रार्थना पत्र दिया थ ाकि दोघट क्षेत्र के सरौरा गांव के रहने वाले भानू ने उसके बेटे की नौकरी के नाम पर रुपये ठग लिए हैं। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।