बागपत। रोजगार मेले में 80 से ज्यादा कंपनी हिस्सा लेकर 4500 युवाओं को रोजगार देने का कार्य करेंगी। मेले में महिलाओं व दिव्यांगों को प्राथमिकता दी जाएगी और इसके लिए अधिकारी खुद ही दिव्यांगाें के बायोडाटा मंगवाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर रहे हैं।
युवाओं को रोजगार देने के लिए शहर के सम्राट पृथ्वीराज चौहान डिग्री कॉलेज के मैदान में रोजगार मेला बुधवार को लगाया जाएगा। मेले में बागपत, बड़ौत, खेकड़ा, अहैड़ा, ढिकौली, डूंडाहेड़ा की कंपनी के अलावा दिल्ली व नोएडा से 80 कंपनी आकर युवाओं का साक्षात्कार लेने के बाद रोजगार देगी। इससे युवाओं को रोजगार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा और उनका वेतन भी निर्धारित किया गया है। रोजगार मेले में 4500 से अधिक युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए अधिकारियों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। मेले में कई विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि युवाओं को परेशानी न उठानी पड़े।
युवाओं को 15 हजार से लेकर 40 हजार रुपये तक का वेतन दिलाया जाएगा। वहीं महिलाओं व दिव्यांगों को मेले में प्राथमिकता दी जाएगी। वहीं दिव्यांग विभाग के कर्मी खुद ही दिव्यांगाें का बायोडाटा मंगवाकर पंजीकरण कर रहे हैं, ताकि दिव्यांगों को रोजगार दिलाया जा सके। जिला सेवा योजन अधिकारी विपिन कुमार ने बताया कि मेले की तैयारी पूरी हो गई है।