बागपत। हाईकोर्ट के आदेश के बाद नए सिरे से जारी आरक्षण पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए सोमवार को बड़ी संख्या में विभिन्न गांवों से लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। दो दिन में प्रधान पदों पर 45 और क्षेत्र पंचायत सदस्य के पदों पर पांच आपत्ति दर्ज कराई गईं। इसके अतिरिक्त अन्य पदों के लिए अभी तक कोई आपत्ति नहीं आई है।
कलक्ट्रेट पहुंचे दौझा के ग्रामीणों ने प्रधान पद पिछड़ा वर्ग की बजाय अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित करने, पाली के ग्रामीणों ने प्रधान पद अनुसूचित जाति की महिला के बजाय अनारक्षित करने, बासौली और फजलपुर के ग्रामीणों ने प्रधान पद अनुसूचित जाति की बजाय पिछड़ा वर्ग के लिए आरक्षित करने, डौला के ग्रामीणों ने प्रधान पद अनारक्षित के बजाय पिछड़ों के लिए आरक्षित करने की मांग की। इसके अतिरिक्त अन्य गांवों से भी आपत्ति दर्ज कराई गईं। जिला पंचायत राज अधिकारी कुमार अमरेंद्र ने बताया कि 23 मार्च तक आपत्ति दर्ज की जाएंगी। 24 व 25 मार्च को इनका निस्तारण किया जाएगा। इसके बाद 26 मार्च को आरक्षण की अनंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा।