मुजफ्फरनगर के लिए भी-
-शेयर मार्केट में निवेश कराने का झांसा देकर 45 लाख रुपये ठगने का मामला, खाते में रुपये ट्रांसफर कराने वालों की तलाश शुरू
संवाद न्यूज एजेंसी
बागपत। साइबर ठगों ने मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी क्षेत्र के एक युवक का फोटो व्हाट्सएप और टेलीग्राम की प्रोफाइल पर लगाकर कुलदीप पंवार निवासी दोघट से 45 लाख रुपये की ठगी की थी। साइबर पुलिस ने युवक को थाने बुलाया तो इसका खुलासा हुआ। साइबर ठगों ने जिस युवक का फोटो डीपी पर लगाया, उसे भी अपने बचाव में सफाई देनी पड़ी। इसके लिए कई दस्तावेज भी सौंपे।
असम की एक कंपनी में मैनेजर कुलदीप पंवार निवासी दोघट ने जनवरी माह में साइबर थाने में 45 लाख रुपये ठगी का मुकदमा दर्ज कराया था। उन्होंने बताया कि वह शेयर मार्केट में निवेश कराने का झांसा देकर उससे 45 लाख रुपये की ठगी की गई। इसका पता शेयर मार्केट से लाभ नहीं मिलने पर चला। शिकायत मिलने पर पुलिस ने जांच की तो साइबर ठगों के व्हाट्सएप और टेलीग्राम की डीपी पर एक युवक का फोटो लगा हुआ था, जो मुजफ्फरनगर जिले के पुरकाजी का रहने वाला है। पुलिस ने युवक का पता लगाकर जांच-पड़ताल की। जांच में पता चला कि युवक का फोटो प्रयोग कर ठगी की गई है। इसमें साइबर पुलिस का कहना है कि ठगी में युवक की भूमिका उजागर नहीं हुई है। इसमें कई खातों को होल्ड कराकर 7.83 लाख रुपये वापस भी कराए गए हैं।