बागपत। चुनाव का एलान भले ही न हुआ हो, लेकिन सत्ता का संग्राम छिड़ चुका है। बागपत लोकसभा सीट पर रालोद, सपा और बसपा के उम्मीदवार रालोद उपाध्यक्ष जयंत चौधरी होंगे। भाजपा में टिकट को लेकर सोशल मीडिया पर सियासी युद्ध छिड़ा हुआ नजर आ रहा है। केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह चुनाव की तैयारी में जुटे हैं, लेकिन टिकट पर बागपत विधायक योगेश धामा ने भी दावा ठोक दिया है। यही नहीं सोशल मीडिया पर विधायक प्रतिनिधि और समर्थक खुल आम धामा के टिकट की मांग कर रहे हैं। यह भी दावा किया जा रहा है कि दिल्ली में दो बार केंद्रीय नेतृत्व से योगेश धामा दो बार मुलाकात कर चुके हैं।
लोकसभा चुनाव की तारीखों का एलान जल्द ही होने की संभावना है। बागपत लोकसभा सीट पर प्रत्याशियों का गणित करीब करीब साफ है। भाजपा से वर्तमान सांसद एवं केंद्रीय मानव संसाधन राज्यमंत्री डॉ. सत्यपाल सिंह दोबारा चुनाव की तैयारी में जुटेहैं। उनके समर्थक भी तेज गति से तैयारी भी कर रहे हैं। सपा, रालोद और बसपा के उम्मीदवार जयंत चौधरी होंगे, लेकिन कांग्रेस ने अभी पत्ते नहीं खोले हैं, लेकिन सोशल मीडिया पर चल रहे सियासी युद्ध ने भाजपा के खेमे में ट्विस्ट पैदा कर दिया है। योगेश धामा के प्रतिनिधि राजीव दांगी की फेस बुक से सबसे पहले योगेश धामा के टिकट मांगे जाने की शुरूआत हुई । इसके बाद पिछले करीब 15 दिन में फेस बुक पर धामा के समर्थक उनके समर्थन में आवाज उठा रहे हैं। यही नहीं विधायक प्रतिनिधि ने एक पोस्ट पर यह भी लिखा है कि दिल्ली में एक बड़े नेता से मुलाकात हुई है। ऐसे में भाजपा में सियासी हलचल तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री के समर्थकों के अपने दावे हैं। टिकट किसे मिलेगा और चुनाव कौन लड़ेगा इस फैसले के लिए इंतजार करना होगा, लेकिन इतना तय है कि विधायक ने टिकट का दावा कर सियासी जंग शुरू कर दी है।
कई बार साबित हुआ, भाजपा में सब ठीक नहीं
बागपत। पिछले दो साल में कई बार ऐसे हालात बन गए हैं, इनसे यह प्रमाण मिलते हैं कि भाजपा में अंतर कलह है और सब कुछ ठीक नहीं है। नया उदाहरण पिलाना में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की सभा में जिले के तीनों विधायक मौजूद नहीं रहे। इससे मनमुटाव आम हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा में भाजपा विधायक योगेश धामा आम जनता के बीच जाकर बैठ गए । विकास कार्यों के शिलान्यास को लेकर भी कई बार समर्थक आमने-सामने आ चुके हैं। इससे स्पष्ट है कि बागपत में भाजपा की सियासत खेमा बंदी में बंट गई है।
भाजपा और जयंत के बीच मुकाबले के आसार
बागपत। बागपत लोकसभा सीट पर मुकाबला भाजपा और सपा, रालोद, बसपा गठबंधन के बीच सीधा होने के आसार हैं। हालांकि भाजपा के रणनीतिकार चाहते हैं कि कांग्रेस यहां से मजबूत उम्मीदवार मैदान में उतारें, ताकि मुकाबला त्रिकोणीय बनें।