बड़ौत (बागपत)।
नगर के स्कूल और कॉलेजों में बुधवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया। इसमें छात्र छात्राओं ने बापू को याद किया और उनके जीवन से प्रेरणा लेकर उनके पदचिन्हों पर चलने का आह्वान किया।
श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में डायरेक्टर उपेंद्र चौधरी ने कहा कि 30 जनवरी 1948 में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की नाथूराम गोडसे ने गोली मारकर हत्या की। तभी से भारत में 30 जनवरी को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने कॉलेज के छात्र-छात्राओं को बापू के जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया। कुमकुम मोदी पब्लिक स्कूल में प्रधानाचार्य अजय शर्मा व राव फारूख महमूद ने छात्र छात्राओं को देश के उत्थान में बापू के जीवन से प्रेरणा लेकर अहम योगदान देने का संकल्प दिलाया। जेपी पब्लिक स्कूल में डायरेक्टर गौरव शर्मा ने कहा कि आज बापू हमारे बीच नहीं है, लेकिन वे हमारे दिल में बसे हैं। इस अवसर पर बापू के जीवन विषय पर आयोजित सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में आशीष प्रथम, दीपिका द्वितीय और अंजली तृतीय को डायरेक्टर गौरव शर्मा व निर्देशिका शरण शर्मा ने ट्राफी देकर सम्मानित किया। चौधरी केहर सिंह दिव्य पब्लिक स्कूल में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में संस्था की प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. आरपीएस तोमर, सचिव डॉ. मनीष तोमर व प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी भारत के ही नहीं ब्लकि पूरे विश्व के आदर्श थे। कहा कि बापू ने हम सभी को एक नया रास्ता दिखाया है। संचालन प्रधानाचार्य जेपी सिंह ने किया।