बागपत। यूपी बोर्ड की परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए प्रशासन ने तैयारी तेज कर दी है। डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने केंद्र व्यवस्थापक, जोनल, सेक्टर, स्टेटिक, पर्यवेक्षक और सचल दल के प्रभारियों की बैठक ली। निर्देश दिए परीक्षा पारदर्शिता और शांतिपूर्ण होनी चाहिए। लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। सभी जगह वॉयस रिकॉर्डर युक्त सीसीटीवी कैमरे 24 घंटे संचालित होंगे।
श्री यमुना इंटर कॉलेज में डीएम ऋषिरेंद्र कुमार ने जिले के 39 केंद्र व्यवस्थापक और अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की बैठक ली। सात फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए कक्ष केंद्र व्यवस्थापकों को उत्तरदायित्व रहेगा। नकल पर नियंत्रण करेंगे। परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक यंत्रों का प्रयोग प्रतिबंधित रहेगा। परीक्षा सेंटर के 100 मीटर दायरे में धारा 144 लागू रहेगी। प्रश्नपत्रों को अलमारी से केंद्र व्यवस्थापक द्वारा स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में संयुक्त रूप से निकाले जाएंगे। नकल मिलने पर केंद्र व्यवस्थापक को जिम्मेदार माना जाएगा। इसके अलावा कलक्ट्रेट में जोनल, सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट, पर्यवेक्षक और सचल दल के प्रभारियों की बैठक ली। उन्हें उनके दायित्वों से अवगत कराया। सभी कार्यों की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर जांच पड़ताल करेंगे। एक कक्ष में 40 परीक्षार्थी, दो कक्ष निरीक्षक, 40 से ऊपर 60 परीक्षार्थियों तक तीन कक्ष निरीक्षक की व्यवस्था सुचारु रूप से कराएंगे। दोनों तरफ सीसीटीवी कैमरा एक तरफ वॉयस रिकॉडर जरूर लगा हो। परीक्षा से एक दिन पूर्व अपने संबंधित परीक्षा केंद्र पर सभी कक्ष निरीक्षकों एवं अन्य संबंधित स्टाफ के साथ परीक्षा से संबंधित तैयारी की ब्रीफिंग कराएंगे। जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट समय-समय पर निरीक्षण करेंगे। परीक्षा को व्यवस्थित ढंग से कराएंगे। एसपी शैलेश कुमार पांडेय ने विभिन्न गतिविधियों से अवगत कराया। एसडीएम विवेक कुमार यादव, कलक्ट्रेट प्रभारी अरविंद कुमार, डीआईओएस बृजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
आठ संवेदनशील और 12 अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र
बागपत। जिले के 39 परीक्षा केंद्रों पर में माध्यमिक शिक्षा विभाग की और से 8 संवेदनशील और 12 अतिसंवेदनशील केंद्र घोषित किए हैं। संवेदनशील आर्य विद्यालय इंटर कॉलेज तेड़ा, लाल बहादुर इंटर कॉलेज रंछाड़, मुस्लिम इंटर कॉलेज असारा, इंटरमीडिएट कॉलेज धनौरा सिल्वरनगर, जनता इंटर कॉलेज सूजरा, देव इंटर कॉलेज डौलचा, विवेकानंद हाईस्कूल गौठरा, नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज फूलैरा है। अतिसंवेदनशील नानकचंद सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज अमीनगर सराय, चौधरी कुंदन सिंह इंटर कॉलेज बासौली, गोडविल इंटर कॉलेज किरठल, सीएचएस इंटर कॉलेज आदर्श नंगला, श्रीराम शिक्षा मंदिर इंटर कॉलेज बड़ौत, सर्वहितकारी इंटर कॉलेज मीतली गौरीपुर, आदर्श शिक्षा सदन इंटर कॉलेज किरठल, श्रीकृष्ण इंटर कॉलेज बालैनी, राष्ट्रीय इंटर कॉलेज शबगा, हरचंद मल जैन इंटर कॉलेज टीकरी, जनता इंटर कॉलेज पलड़ी है।
छह सचल दल और 39 पर्यवेक्षकों को दी जिम्मेदारी
बागपत। बोर्ड परीक्षा के दौरान निरीक्षण के लिए छह सचल दल बनाए हैं। एक चल में सचल दल प्रभारी और चार सदस्यों को जोड़ा गया है। कुल 30 अधिकारी इसमें शामिल रहेंगे। सभी को 39 विद्यालयों के निरीक्षण की जिम्मेदारी दी। इसके अलावा प्रशासन की ओर से 39 पर्यवेक्षकों को भी नियुक्त किया। इनके माध्यम से परीक्षा को शांतिपूर्ण कराया जाएगा।
दोनों ओर सीसीटीवी कैमरे और एक ओर वॉयस रिकॉर्डर लगेगा
बागपत। श्री यमुना इंटर कॉलेज में हुई केंद्र व्यवस्था एवं अतिरिक्त केंद्र व्यवस्था और पर्यवेक्षकों की बैठक में केंद्र व्यवस्थापकों ने एक ओर सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके बाद डीआईओएस बृजेंद्र कुमार ने सभी केंद्र माध्यमिक शिक्षा परीक्षा के सचिव से वार्ता की। उनके आदेश को अवगत कराया कि दोनों ओर सीसीटीवी कैमरे लेंगे और एक ओर वॉयस रिकार्डर लगाने की व्यवस्था की जाएगी। दो दिन में इसकी व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। यह व्यवस्था नहीं मिलेगी तो संबंधित केंद्र व्यवस्था के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।