अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)।
दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सूरजपुर महनवा गांव के पास ट्रेन से गिरकर 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की जेब से मिले मोबाइल से ससुराल वालों को घटना की जानकारी दी। ससुर ने मौके पर पहुंची मेरठ निवासी शीतांशु शर्मा के रूप में शव की पहचान की।
मंगलवार को सुबह साढ़े सात बजे दिल्ली-शामली रेल मार्ग पर सूरजपुर महनवा गांव के पास हादसा हुआ। शामली से दिल्ली जा रही लाल ट्रेन से 40 वर्षीय व्यक्ति गिर गया। उसकी मौके पर मौत हो गई। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के जेब से मिले मोबाइल से पुलिस ने महनवा गांव में ससुराल वालों को हादसे की जानकारी दी। सूचना पर महनवा गांव निवासी सुभाष शर्मा ने मौके पर पहुंचकर मृतक की पहचान अपने दामाद शीतांशु शर्मा पुत्र सुशील कुमार निवासी सूरज कुंड मेरठ के रूप में की। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।
ससुर ने बताया कि उसकी बेटी प्रियंका रक्षाबंधन पर मायके आ गई थी । अब तब वह यहीं पर ही है। दामाद उसे लेने आ रहा था। गांव के पास ट्रेन धीमी हो जाती है। आशंका है कि ट्रेन से उतरते समय यह हादसा हुआ है। मृतक के एक बेटा और एक बेटी है। उसके माता-पिता की पहले ही मौत चुकी है। उसकी बहन को घटना की जानकारी दे दी। पति की मौत पर पत्नी प्रियंका का रो-रो कर बुरा हाल है। मृतक की ससुराल में मातम पसर गया। इस संबंध में मृतक के ससुराल वालों ने कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरकर हुई है या कुछ और कारण रहा है, इसकी जांच की जा रही है।