स्वच्छता टीम ने किया कई गांवों का दौरा
बड़ौत। स्वच्छता को लेकर मेरठ से पहुंची टीम ने ब्लाक मुख्यालय के अंतर्गत पड़ने वाले कई गांवों का दौरा किया, जिससे कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। टीम सर्वे कर शासन को रिपोर्ट भेजेगी।
शुक्रवार को मेरठ से विभागीय अफसरों की टीम ब्लाक मुख्यालय पर पहुंची और बीडीओ प्रेमचंद व एडीओ पंचायत रणधोल से स्वच्छता को लेकर बनाए गए रिकार्ड दिखाने को कहा। इसके बाद टीम एडीओ पंचायत रणधोल व सचिव भूपेंद्र के साथ जलालपुर गांव पहुंची, जहां टीम ने साफ-सफाई, शौचालय निर्माण, विद्यालय के सौंदर्यकरण का काम देखा। टीम के गांव पहुंचने की सूचना पर प्रधान शाहिद व काफी संख्या मेें ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टीम ने ग्रामीणों से भी स्वच्छता व साफ-सफाई को लेकर जानकारी ली तो ग्रामीणों ने कोई परेशानी न होने की बात कहीं। टीम ने विकास कार्यों के साथ-साथ स्वच्छता कार्य मेें सराहनीय काम करने पर प्रशंसा की। इसके उपरांत टीम ने बड़ावद, लुहारी व बड़का गांव का दौरा किया। वहां पर भी सब कुछ ठीक-ठाक पाया गया। एडीओ पंचायत रणधोल सिंह ने बताया कि सर्वे पूरा कर टीम शासन को रिपोर्ट भेजेगी।