बड़ौत (बागपत)।
जनपद के सात परीक्षा केंद्रों में बुधवार को सुरक्षा बंदोबस्त के बीच बीएड की परीक्षाएं शुरू हुई। इस दौरान खेकड़ा में एक नकलची टीम ने दबोचा, जबकि पहले ही दिन सैकड़ों परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।
जिला नोडल अधिकारी व दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज के प्राचार्य डॉ. वीरेंद्र सिंह ने बताया कि जनपद मेें बीएड परीक्षा के लिए सात परीक्षा केन्द्र बने हैं, इनमें दिगंबर जैन डिग्री कॉलेज, जनता वैदिक डिग्री कॉलेज, जैन स्थानकवासी गर्ल्स डिग्री कॉलेज, आरएस कॉलेज बामनौली, लक्ष्मीचंद पटवारी कॉलेज, सम्राट पृथ्वीराज चौहान बागपत, मां अंबा बालिका डिग्री कॉलेज शामिल हैं। पहले दिन कड़ी चेकिंग के बाद परीक्षार्थियों को परीक्षा केन्द्र में जाने दिया गया जबकि मोबाइल व अन्य सामग्री परीक्षा केंद्र के बाहर रखवा लिए गए। इस दौरान खेकड़ा में नकल की सूचना पर जिला नोडल अधिकारी की सूचना पर पहुंची टीम व कॉलेज की टीम ने एक नकलची को अनुचित साधन के साथ पकड़ा। नोडल अधिकारी ने बताया कि पहले ही दिन सैकड़ों परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा 29 जून तक चलेगी।
सघन चेकिंग के बीच कराई जा रही पॉलीटेक्निक परीक्षाएं
बड़ौत। दिगंबर जैन पालीटेक्निक के प्रधानाचार्य राजेश कुमार जैन ने बताया कि 22 मई से पालीटेक्निक की द्वितीय, चतुर्थ और छठे सेमेस्टर की परीक्षा शुरू हो चुकी हैं, जो 19 जून तक चलेगी। जनपद में दिगंबर जैन पालीटेक्निक व गोपी चंद कॉलेज अहेरा को परीक्षा केंद्र बनाया है। दिगंबर जैन पालीटेक्निक मेें गायत्री देवी कॉलेज, श्री कृष्णा कॉलेज बागपत, गोपीचन्द व दिगंबर जैन पॉलीटेक्निक का परीक्षा केन्द्र बनाया गया है। उन्होंने बताया कि दो पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जा रही है।