रमाला (बागपत)। क्षेत्र में दुकानदार एक रुपये का सिक्का नहीं ले रहे हैं। ग्राहक परेशान है तो अधिकारी अंजान बने हैं। दुकानदार ग्राहकों से सिक्का लेने से मना कर रहे हैं। इसको लेकर दुकानदार और ग्राहकों के बीच झड़प होती रहती है। यह हाल तब है जब बैंक के अधिकारी कहते है कि एक रुपये के सिक्के के लेनदेन पर कोई प्रतिबंध नहीं है।
निरपुड़ा गांव निवासी इकबाल सिंह राणा ने बताया कि वह किराना की दुकान पर सामान खरीदने गए थे। भुगतान करने के दौरान एक रुपये का सिक्का देने पर दुकानदार ने मना कर दिया। सिक्का बंद होने की बात कहकर लेने से मना कर दिया। गांव के ही महक सिंह, पप्पू, यशपाल सिंह, राजपाल सिंह, डॉ. टीटू, डॉ. रविंद्र ने बताया कि सिक्कों को लेकर दुकानदार अपना मनमाना रवैया अपनाए हुए हैं। भड़ल गांव निवासी जितेंद्र ने बताया कि व्यापारी एक रुपये का सिक्का लेने से सीधे मना कर रहे हैं। आनाकानी करने पर ग्राहकों को सामान देने से सीधे मना कर रहे हैं। मिलाना निवासी जाकिर ने बताया कि सिक्के पर कोई प्रतिबंध न होने के बाद भी व्यापारी मनमाना रवैया अपना रहे हैं। एक रुपये के सिक्के को लेकर अक्सर दुकानदारों का रवैया नकारात्मक होता है। क्षेत्र वासियों ने मामले में कार्रवाई की मांग की। रमाला गांव निवासी विनय कुमार का कहना है कि दुकानदार सिक्का लेने से इंकार कर रहे हैं।