बड़ौत (बागपत)।
बावली गांव से बुधवार की रात में बाइक से लुहारी और नैथला गांव होते दिल्ली जाते समय दिल्ली पुरातत्व विभाग का सुरक्षा कर्मी रजबाहे में जा गिरा। इससे उसकी मौत हो गई। बृहस्पतिवार को सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा।
मृतक दिनेश तोमर (42) पुत्र रणवीर बावली गांव का है। वह सेवानिवृत्त सैनिक है। हाल में वह दिल्ली पुरातत्व विभाग में सुरक्षा कर्मी की नौकरी करता है। बुधवार की रात में वह अपने गांव से बाइक से दिल्ली के लिए चला । वह लुहारी-नैथला मार्ग से दिल्ली जा रहा था। जब वह बोहला व लुहारी के बीच पहुंचा तो सड़क में मोड़ होने के कारण वह बाइक समेत राजबाहे में जा गिरा और पूरी रात वहीं पड़ा रहा। सुबह जब वहां से लोग गुजरे तो उन्होंने रजबाहे में बाइक सहित व्यक्ति को देखा तो इसकी सूचना पुलिस को दी । सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। इसकी जेब से निकले आई कार्ड के आधार पर उसकी शिनाख्त हुई। बाद में पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए बागपत भेजा। दिनेश के भतीजे शेखर तोमर पुत्र अशोक तोमर ने हादसे की रिपोर्ट दर्ज कराई है।