बड़ौत (बागपत)।
तहसील में बृहस्पतिवार को रेवेन्यु बार एसोसिएशन का चुनाव शांति पूर्ण हो गया। चुनाव में दूसरी बार भी वेद पाल सिंह पंवार अध्यक्ष और आनंद पाल तोमर महामंत्री चुने गए।
चुनाव अधिकारी धर्मवीर सिंह तोमर और सहायक चुनाव अधिकारी सतपाल सिंह तोमर की देखरेख में तहसील में सुरक्षा बंदोबस्तों के बीच प्रात: 9 बजे से शाम तीन बजे तक मतदान हुआ। बाद में हुई मतगणना के बाद चुनाव अधिकारी धर्मवीर सिंह तोमर ने परिणाम की घोषणा कर बताया कि वेदपाल सिंह पंवार दूसरी बाद अध्यक्ष चुने गए हैं। उन्हें 80 मत मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ब्रह्मपाल सिंह निरंकारी को 77 मत मिले। उपाध्यक्ष पद पर 100 मत लेकर मनोज कुमार तोमर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी अनिल कुमार को 65 मत मिले। महामंत्री पद पर दूसरी बार आनंद पाल तोमर 89 मत पाकर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी दिनेश कुमार शर्मा को 62 मत मिले। सह सचिव पद पर 121 मत लेकर सागर तोमर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी नितिन भारद्वाज को मात्र 22 मत मिले। कोषाध्यक्ष पद पर रविंद कुमार चौहान 85 मत लेकर विजयी रहे। उनके प्रतिद्वंद्वी आदेश कुमार को 65 मत मिले। पुस्तकालय मंत्री पद पर धर्मवीर सिंह को 113 और प्रहलाद को 50 मत मिले।
इसके अलावा कुलदीप सिंह, विनोद मान, यशवीर सिंह वरिष्ठ सदस्य पद पर विजयी रहे। चुनाव अधिकारी ने बताया कि कनिष्ठ सदस्य पद पर विवेक कुमार चौहान, गुलशन सनव्वर, नीरज चौधरी पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके हैं। इस चुनाव में 164 मतदाताओं को मतदान करना था, लेकिन 157 ने मतदान में भाग लिया। कोई अवैध मत नहीं पाया गया। अध्यक्ष पद पर विजयी हुए वेदपाल सिंह पंवार और महामंत्री आनंद पाल तोमर ने कहा कि वे सभी अधिवक्ता साथियों को साथ लेकर काम करेंगे और सभी समस्याओं को दूर कराने का प्रयास किया जाएगा। चुनाव अधिकारी ने विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दी।