बागपत। डीएम भवानी सिंह खंगारौत की अध्यक्षता में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में फरियादी भी पहुंचे और शिकायतें भी प्राप्त हुई, लेकिन निस्तारण एक भी समस्या का नहीं कराया जा सका।
डीएम ने अफसरों को निर्देशित किया भूमि संबंधित विवादों का निस्तारण राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम मौके पर भेज कर कराना सुनिश्चित कराया जाए। आईजीआरएस प्रणाली के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का निस्तारण समय सीमा में कराया जाए। सभी शिकायतों का स्थली निरीक्षण किया जाए। सार्वजनिक भूमि, तालाब, नाली, चकरोड, चरागाह, ग्राम समाज की भूमि पर अतिक्रमण और अवैध कब्जे न होने पाए। निर्देश दिए अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची 24 शिकायतों के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। एक सप्ताह में सभी का निस्तारण होना चाहिए। फरियादियों की समस्या का प्राथमिकता पर निस्तारण कर उन्हें न्याय दिया जाए। किसी भी किसान की कोई शिकायत लंबित नहीं होनी चाहिए। उन्होंने विद्युत निगम को ढीले तारों को शीघ्र ऊपर कराने के लिए निर्देश दिए। इसमें एसपी जयप्रकाश, सीडीओ चांदनी सिंह, एसडीएम विवेक कुमार यादव, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अन्नपूर्णा गर्ग, तहसीलदार राज बहादुर सिंह आदि रहे।