बागपत। चमरावल-बागपत मार्ग की पाबला बेगमाबाद गांव में खस्ता हालत है। सड़क का निर्माण नहीं कराया। मंगलवार को ग्रामीणों का गुस्सा फूट गया। स्कूली बच्चों और लोगों ने मिल कर मार्ग जाम कर दिया। नाराज ग्रामीणों की पुलिस से काफी नोकझोंक भी हुई। ग्रामीणों ने बुग्गी लगाकर रास्ता रोका। इससे वाहनों की सड़क पर लंबी कतार लग गई। कई युवक तो वाहनों पर चढ़ गए। उन्होंने खूब हंगामा किया।
पाबला-बेगमाबाद गांव का तो हाल ही बेहाल है। सड़क पर गहरे-गहरे गड्ढे हो रहे हैं। इनमें पानी भरा है। वहां से पैदल निकलना भी बड़ा मुश्किल हो रहा है। यह समस्या पिछले कई वर्ष पुरानी है। प्रशासनिक अफसर और जनप्रतिनिधि से कई बार रास्ता निर्माण की मांग की, लेकिन किसी ने कोई सुनवाई नहीं की। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव की उपेक्षा की जा रही है। सबसे ज्यादा परेशानी का सामना स्कूली बच्चों को करना पड़ रहा है।
मंगलवार को इसको लेकर ग्रामीण और स्कूली बच्चे सड़क पर आ गए। उन्होंने रोड जाम कर दिया। लोगों के बीच पहुंचे स्थानीय नेताओं को भी ग्रामीणों ने खरी-खोटी सुनाई। भाजपा विधायक योगेश धामा पर भी नाराजगी जाहिर की। भीड़ में कुछ लोगों ने विधायक के खिलाफ नारेबाजी भी कर दी। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार पुलिस टीम के साथ वहां पर पहुंचे। लोगों की पुलिस से काफी नोकझोंक हुई। इसके बाद विधायक योगेश धामा ने फोन करके लोगों को सड़क की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण शांत हुए। करीब साढ़े तीन घंटे बाद जाम खुला। लोगों ने कहा यदि समस्या का जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
उधर, एसडीएम विवेक कुमार यादव ने कहा सड़क के गड्ढे भरवाने का कार्य शुरू कराया जा रहा है। शासन से बजट मिलते ही सड़क का निर्माण करा दिया जाएगा।