बागपत। हसनपुर मसूरी और नूरपुर मुजविदा गांव के अनुसूचित जाति के लोग कलक्ट्रेट पहुंचे। डीएम को शिकायत करते हुए बताया कि पुलिस सत्ता पक्ष के दबाव में आकर नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर रही है। बार-बार फैसले का दबाव बनाया जा रहा है। आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया तो गांव के अनुसूचित जाति के लोगों ने पलायन की चेतावनी दी।
शनिवार को हसनपुर मसूरी और नूरपुर मुजविदा गांव के ग्रामीण कलक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पहले हसनपुर मसूरी में सुरेंद्र जाटव पुत्र श्रीचंद को गोली मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। जिसका जीटीबी अस्पताल में उपचार हुआ। पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़कर केस का खुलासा कर दिया। अभी तक दो आरोपियों को पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। आरोपी ग्राम प्रधान नवीन उर्फ कल्लू और जयराम को सत्ता पक्ष के दबाव के चलते गिरफ्तार नहीं किया जा रहा है। लगातार उनपर फैसला करने का दबाव बनाया जा रहा है। सभी सुबूत होने के बावजूद पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। सभी आरोपियों पर रासुका की कार्रवाई की मांग की गई। कार्रवाई नहीं होने पर अनुसूचित जाति के लोगों ने गांव से पलायन करने की चेतावनी भी दी। भूरा, राजू, परमानंद, सुदेश, सुरेश, धनपाल, रमेश, संजय, चंद्रपाल, सतवीर, रामपाल, श्रीपाल, चतरसेन मौजूद रहे।