गोल्डन ब्वाय सौरभ का बिनौली क्लब पर हुआ स्वागत
बिनौली। आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में व्यक्तिगत और मिश्रित स्पर्धाओं में दो स्वर्ण पदक जीतने वाले गोल्डन ब्वाय सौरभ चौधरी का शुक्रवार को बिनौली में स्थित प्रशिक्षण केंद्र वीर शाहमल राइफल क्लब पर जोरदार स्वागत किया गया। यहां पर ग्रामीणों और साथी शूटरों ने उसका फूल मालाओं स्वागत किया।
दिल्ली की डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज पर संपन्न हुए आईएसएसएफ वर्ल्ड कप में मेरठ के कलीना गांव के होनहार निशानेबाज सौरभ चौधरी ने दस मीटर एयर पिस्टल व्यक्तिगत पुरुष स्पर्धा में वर्ल्ड रिकार्ड के साथ स्वर्ण पदक जीता। इसके अलावा मिश्रित युगल स्पर्धा में भी मनु भाकर हरियाणा के साथ स्वर्ण पदक जीता। पदक जीतकर शुक्रवार को सौरभ बिनौली में स्थित अपने प्रशिक्षण केंद्र वीर शाहमल राइफल क्लब पर पहुंचा। यहां पर ग्रामीणों ने साथी शूटरों ने उसका ढोल नगाड़ों और फूल मालाओं जोरदार स्वागत किया। साथी शूटरों ने सौरभ के साथ खुशियां बांटी और अनुभव साझा किए।
इस दौरान उसने कोच अमित श्योराण से आशीर्वाद प्राप्त कर एकांत में मंत्रणा की और टिप्स भी लिए। सौरभ ने बताया कि ओलंपिक कोटा प्राप्त करने से वह बेहद खुश है और टोक्यो में होने वाले ओलंपिक खेलों में पदक जीतने का लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत कर रहा है। उसने यह भी बताया कि वह 15 मार्च से चीनी ताइपे में होने वाली एशियन एयरगन चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए होने वाले कैम्प में दिल्ली जाएगा। इस दौरान सुंदर सिंह राठी, राजीव चौहान, पंकज शर्मा, रमेश कुमार, हिमांशु, राजीव शर्मा, नितिन चौधरी, यश, सुधांशु, राहुल, वाजिद अली, रौनक पंडित आदि मौजूद रहे।