अग्रवाल मंडी टटीरी (बागपत)।
मेरठ-बागपत मार्ग पर शुगर मिल के पास से रविवार की रात में स्कूटी व बाइक में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि घायल चार युवकों का इलाज किया जा रहा है। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी सलीम उर्फ कल्लू पुत्र अली शेर ने बताया कि रविवार की रात में वह बागपत निवासी वाजिद उर्फ साजिद पुत्र बासिद, अग्रवाल मंडी टटीरी निवासी राजीव पुत्र सोमपाल के साथ कस्बे से बागपत जा रहा था। जब वे मेरठ-बागपत मार्ग पर शुगर मिल के पास पहुंचे तो सामने से आ रही स्कूटी ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार तीनों युवक और स्कूटी सवार मनीष उर्फ विक्की, मोनी निवासी अग्रवाल मंडी टटीरी घायल हो गए। डायल 100 पुलिस ने सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां से उन्हें जीटीबी अस्पताल दिल्ली रेफर किया। अस्पताल में घायल राजीव (28) की इलाज के दौरान मौत हो गई। अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
हादसे में तीन युवक घायल
दाहा (बागपत)। बड़ौत-बुढ़ाना मार्ग पर बामनौली व पुसार के बीच दो बाइकों में आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे में मेरठ जनपद के कल्याणपुर गांव निवासी नदीम पुत्र बब्बल, तालीम पुत्र ताहिर व दूसरी बाइक पर सवार मनीष पुत्र जयपाल निवासी बड़ौत घायल हो गए। तालीम के पैर की हड्डी टूट गई। तीनों घायलों को सीएचसी बड़ौत में भर्ती कराया गया है।