बड़ौत (बागपत)।
सिलाना गांव की वाल्मीकि बस्ती मेें जलभराव की समस्या को लेकर बृहस्पतिवार को ग्रामीणों ने ब्लाक मुख्यालय में प्रदर्शन किया। सूचना पर पहुंचे बीडीओ ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया और सचिव को गांव भेजकर ग्रामीणों की समस्या का हल करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को काफी संख्या मेें सिलाना गांव के ग्रामीण ब्लाक पर पहुंचे और प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने कहा प्रधान की मनमानी और पानी निकासी की उचित व्यवस्था न होने के कारण पूरे गांव को जल भराव की समस्या से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधान ग्रामीणों की समस्याओं पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है, इससे ग्रामीणों मेें आक्रोश पनप रहा है। उन्होंने बताया जलनिकासी न होने से गांव की वाल्मीकि बस्ती मेें एक से दो फुट तक गंदा पानी भरा हुआ है, इससे क्षेत्र में संक्रामक रोग फैलने की आशंका है। कई बार इस संबंध में शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। सूचना पर बीडीओ प्रेमचंद मौके पर पहुंचे और उन्हें समझा बुझाकर शांत किया। उन्होंने समस्या का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। बीडीओ प्रेमचंद ने कहा इस संबंध मेें प्रधान से बातचीत की जाएगी। उन्होंने सचिव को गांव भेजकर ग्रामीणों की समस्या का हल करने के भी निर्देश दिए। इनमें अमित, राजकुमार, सुरेंद्र, सुशील, बाबू, राकेश, धर्मेंद्र, अशोक, प्रवेंद्र, मोहन पाल, जगदीश आदि रहे।