बागपत। जिले के छह ब्लॉक है, इसमें बिनौली बीडीओ को छोड़कर सभी जिले से बाहर रहने के लिए चले जाते हैं। शाम होते जिले को छोड़ देते हैं। इससे विभाग के कार्य अधूरे रहते हैं। सीडीओ पीसी जायसवाल ने सभी को नोटिस जारी कर जिला को न छोड़ने और मुख्यालय पर रहने के निर्देश दिए।
खंड विकास अधिकारियों ने अगर जिला मुख्यालय पर अपना ठिकाना नहीं बनाया तो उनकी खैर नहीं। बिनौली बीडीओ को छोड़कर सभी खंड विकास अधिकारी जिले से बाहर रहते है। घड़ी में पांच बजते ही कुर्सी को छोड़ देते थे। उससे पहले अपना सामान समेटना शुरू कर देते है। पांच बजे की घंटी बजते ही दफ्तर को छोडक़र या तो अपने वाहनों से या फिर बसों से गाजियाबाद, मेरठ या दिल्ली के लिए रवाना हो जाते है। यह मामला सीडीओ पीसी जायसवाल तक पहुंचा। उन्होंने इसकी जांच की तो सब सही मिला। बाहर से आने वाले सभी बीडीओ को नोटिस जारी किया। निर्देश दिए जिला मुख्यालय पर ही रहना शुरू किया जाए। कोई भी शाम को जिले से बाहर नहीं जाएगा। अगर कोई सूचना मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। विभागीय उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा। सीडीओ ने बताया कि ब्लॉकों में गांवों के विकास कार्यों से संबंधित संतोषजनक कार्य नहीं हो रहा है। निरीक्षण के दौरान उन्हें कमियां मिली। उस समय बीडीओ के जिले में न रहने की बात सामने आई थी।