बिनौली (बागपत)। भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक मंगलवार को बिनौली में हुई, इसमें पीएम मोदी की जनसभा को सफल बनाने के रणनीति बनाई और कार्यकर्ताओं को भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी।
पूर्व विधायक त्रिपाल धामा के आवास पर बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. कुलप्रकाश ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का आमजन तक लाभ पहुंच रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पीएम द्वारा चलाई गयी योजनाओं का जन-जन में प्रचार प्रसार करें। वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. आत्माराम तोमर ने कहा प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी कार्यकुशलता से देश को अंतर्राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाई है। बैठक में एक वरिष्ठ कार्यकर्ता ने प्रशासन और विभिन्न विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा कार्यकर्ताओं की बात न सुनने का दुखड़ा सुनाया तो बैठक में मौजूद वरिष्ठ नेता स्तब्ध रह गए। बैठक में मंडल कमेटी के पदाधिकारियों और बूथ अध्यक्षों को रैली में भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी। संचालन मंडल अध्यक्ष सचिन त्यागी ने किया। इसमें सांसद प्रतिनिधि अरुण त्रिपाल धामा, सुधीर त्यागी, श्रवण गिरि, क्षितिज कुलश्रेष्ठ, नितिन शर्मा, रवि पांचाल, प्रकाश बावली, मास्टर अनीश कुरैशी, जिलेसिंह, दीपा कश्यप, प्रभा, सतीश बाल्मिकी, विनोद देशवाल, राजपाल सिंह आदि रहे।