बीडीओ और सचिव ने सुनीं समस्याएं
बड़ौत। ब्लाक के गांव बड़का में बृहस्पतिवार देर शाम ग्राम खंड विकास अधिकारी और सचिव ने प्रशासनिक अफसरों के दिशा-निर्देश पर गांव का निरीक्षण किया और विकास कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने जनसमस्याएं भी सुनी।
खंड विकास अधिकारी प्रेमचंद और ग्राम सचिव सतीश कुमार ने बृहस्पतिवार देर शाम बड़का गांव में चल रहे विकास कार्य व शौचालय निर्माण का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण की सूचना पर कार्यों में जुटे ठेकेदारों और मजदूरों में बेचैनी बढ़ गई। हालांकि निरीक्षण के दौरान सभी कार्य मानक के अनुरूप पाएं गए। बीडीओ व ग्राम सचिव के गांव में आने की सूचना पर काफी संख्या में ग्रामीण उनके पास पहुंचे और ग्राम विधवा, वृद्धावस्था एवं विकलांग पेंशन न बनने, राशन कार्ड न बनने और राशन डीलर द्वारा सही ढंग से राशन वितरण न करने की शिकायत की। बीडीओ और सचिव ने उन्हें विभागीय अफसरों से बातचीत कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस मौके पर ग्राम प्रधान प्रतिनिधि इरफान भी मौजूद रहे।