बागपत। बागपत-चमरावल मार्ग के निर्माण में पाबला-बेगमाबाद गांव के पास घटिया सामग्री लगाने का आरोप लगाकर ग्रामीणों ने हंगामा किया। प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधि के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने काम रुकवा दिया। उन्होंने कहा जब तक मानक के अनुसार काम करने का आश्वासन नहीं दिया जाएगा, तब तक काम चालू नहीं होने दिया जाएगा।
ग्रामीणों ने कहा बागपत-चमरावल मार्ग मार्ग पिछले कई साल से जर्जर हालत में था। गहरे-गहरे गड्ढ़े हो रहे थे। इस कारण आए दिन हादसे होते थे। निर्माण कराने की अफसरों से मांग की। पिछले कई दिनों से रोड का निर्माण कार्य चल रहा है। आरोप है कि उनके गांव में रोड निर्माण में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा है। कर्मचारियों को मानक के अनुसार सामग्री लगाने के लिए कहा गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। पड़ोसी गांव में मशीन से रोड बनाई गई, जबकि उनके यहां पर मशीन का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा है। काम के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। इससे क्षुब्ध होकर लोग रविवार को सड़क पर पहुंचे। उन्होंने काम रुकवा दिया। बाद में प्रदेश सरकार और जनप्रतिनिधि के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि सड़क का निर्माण कार्य मानक के अनुसार हो। इस मौके पर कौशिंद्र गुर्जर, सचिन गुर्जर, कैलाश सिंह, मा. श्योराज सिंह, रवि धामा, अंकित, रोहित, देवेंद्र आदि मौजूद रहे।
रोड हुआ जाम, राहगीर हुए परेशान
बागपत। लोगों के हंगामा के दौरान सड़क पर जाम लग गया । इससे वहां से गुजर रहे वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा।