यूपी-हरियाणा बॉर्डर पर निवाड़ा पुलिस चौकी के निकट स्टेयरिंग फेल होने से ट्रैक्टर-ट्रॉली की ट्रक से भिड़ंत हो गई। हादसे में उसमें सवार 18 लोग घायल हो गए। इससे वहां पर अफरातफरी मच गई। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
निवाड़ा गांव के 22 महिला-पुरुष सोमवार सुबह ट्रैक्टर-ट्रॉली से हरियाणा मजदूरी करने के लिए जा रही थी। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्रॉली निवाड़ा चौकी के पास पहुंचा, तभी ट्रैक्टर का स्टेयरिंग फेल हो गया। वहां पर पहले से खड़े ट्रक से ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। इसमें बाबू खान उर्फ काला, मौजूद्दीन, शहजाद, मौसम, नरगिस, फुरकान, मोजूद्दीन, युवती आसमीन, महिला हमीदा, रियामत, नफीसा, कनिजा, छोटी घायल हो गई। हादसे के बाद मौके पर काफी लोग इकट्ठे हो गए। उनको जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल कनिजा और मौजूद्दीन की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उसको हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया।
चीख-पुकार से गूंजा मार्ग, जाम
घायल महिलाओं की चीख-पुखार से मार्ग गूंज उठा। राहगीरों और निवाड़ा गांव के लोगों की भीड़ लग गई थी। इससे जाम पर जाम लग गया। पुलिस ने मौके किसी तरह जाम खुलवाया था।
एंबुलेंस के लिए किया फोन, नहीं हुआ रिसीव
हादसा होने के बाद ग्रामीणों ने एंबुलेंस के लिए 108 नंबर कॉल की। लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। निवाड़ा गांव की प्रधान की पति सरवर और एक ग्रामीण शकील अपनी गाड़ी से घायलों को लेकर अस्पताल पहुंचे।
हादसे में दो पुलिसकर्मी घायल
रमाला। रमाला थाने के दो कांस्टेबल रामकुमार और कपिल बाइक पर क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। थाने के पास अचानक ही बाइक का संतुलन बिगड़ गया। इससे वह दोनों सड़क पर गिरकर घायल हो गया। उनका चिकित्सक से इलाज कराया गया।