बागपत। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कोरोना संक्रमितों का सत्यापन कराया जा रहा है। शनिवार को संक्रमितों की सूची से 27 डुप्लीकेट नाम हटा दिए गए हैं। वहीं, आज जिले में एक संक्रमित मिला है। इससे यहां 54 केस एक्टिव हो गए हैं जबकि अभी तक 9099 कुल संक्रमित हुए हैं।
सीएमओ डॉ. आरके टंडन ने बताया कि संक्रमण के दौरान कुछ लोगों ने सरकारी व निजी अस्पतालों में अलग-अलग जांच कराईं। जिससे पोर्टल पर एक ही संक्रमित का एक से अधिक बार नाम अपलोड हो गया। जिले में संक्रमितों की सूची में करीब 120 नाम ऐसे हैं जो दो बार अपलोड हो गए हैं। विभाग की ओर से सूची का सत्यापन कराया जा रहा है। पूर्व में भी सूची से 61 डुप्लीकेट संक्रमितों को हटाया गया है। सत्यापन के दौरान शनिवार को 27 डुप्लीकेट संक्रमितों को पोर्टल की सूची से हटा दिया है। अब जिले में 9099 लोग संक्रमित हुए हैं। वहीं, आज एक संक्रमित मिला है। इससे 54 केस एक्टिव हुए हैं। संक्रमित को होम आइसोलेट कर सैनिटाइजेशन कराकर गली सील कर दी है। सर्विलांस की टीम संक्रमित व उसके संपर्क में आने वालों की निगरानी करेंगी। लोगों को संक्रमण से बचाव के लिए कोरोना गाइडलाइन का पालन करने का आह्वान किया है।