खेकड़ा। क्षेत्र के गांव बसी के दोहरे हत्याकांड के फरार मुख्यारोपी कुख्यात कपिल बसी पर पुलिस अधीक्षक ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश मे जुटी है।
बीती 31 जनवरी की दोपहर गांव बसी में खेत से ट्रैक्टर-ट्रॉली में गन्ना लादकर चीनी मिल जा रहे वृद्ध किसान सतसिंह व उसके पोते मनदीप (24) की गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। मृतक मनदीप की मां सरिता देवी ने कोतवाली में गांव के ही कुख्यात कपिल बसी और पूर्व ग्राम प्रधान ओमपाल सिंह समेत आठ लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने एक आरोपी बिजेंद्र उर्फ पिंटू को तभी गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। बाकी आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस उन्हें दबोचने के लिए दबिश डाल रही है। पुलिस क्षेत्राधिकारी युवराज सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने फरार चल रहे कपिल बसी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।