विद्युत कटौती के खिलाफ किया प्रदर्शन
खेकड़ा। गर्मी बढ़ने के बावजूद विद्युत निगम की ओर से शहर को दी जाने वाली आपूर्ति में लगातार की जा रही कटौती के कारण लोगों को बिजली के साथ ही पेयजल आपूर्ति के संकट से भी जूझना पड़ रहा है।
इससे परेशान लोगों ने विद्युत निगम के खिलाफ हंगामा कर आपूर्ति में सुधार करने की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि विद्युत निगम की लापरवाही के चलते खेकडा शहर को दी जाने वाली आपूर्ति में विद्युत निगम कटौती करा रहा है। दिन के समय दो से तीन घंटे तक कटौती कराई जा रही है। साथ ही कम बिजली आने से लोड बढ़ते ही लाइन में कई जगहों पर फाल्ट आ जाता है। इस फाल्ट को दूर करने में भी बिजली आपूर्ति पर असर पड़ता है। लोगों का कहना है कि तेज गर्मी के चलते शहर के लोगो को पेयजल आदि दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे लोगों में विद्युत निगम के आक्रोश है। उन्होंने विद्युत आपूर्ति में सुधार की मांग की। एसडीओ पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि आपूर्ति में जल्द ही सुधार कराया जायेगा। शहर के लोगों को परेशानी नहीं होने दी जाएगी।