स्वास्थ्य विभाग ने की पैथोलॉजी लैब सील
बड़ौत। हाईकोर्ट और एनजीटी के आदेशों पर शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नगर में पैथोलॉजी लैब पर छापेमारी की तो लैब मालिकों में हड़कंप मच गया। टीम के आने पर अधिकांश लैब संचालक वहां से भाग निकले। लेकिन नेहरू रोड पर स्थित गोयल पैथेलॉजी लैब पर काफी खामियां पाई गईं। इस लैब को सील कर दिया गया। इस संबंध में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी।
सीएमओ डॉ. सुषमा चंद्रा के निर्देश पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक के नेतृत्व में गठित टीम ने नगर में गांधी रोड पर अवैध रूप से चल रही कुमार पैथोलॉजी को सीएमओ का कोई पंजीकरण अन्य जरूरी दस्तावेज नहीं मिलने पर सील किया था, वहीं शुक्रवार को नेहरू रोड स्थित गोयल पैथोलॉजी लैब पर छापा मारा। मानक पूरा न मिलने और अन्य खामियां मिलने पर जांच करने वाले स्ट्रूमेंट को सील कर दिया गया है। बाद में इस मामले में एफआईआर भी दर्ज कराई जाएगी। सीएचसी अधीक्षक डॉ. एएसके मलिक का कहना है कि हाईकोर्ट और सीएमओ के निर्देश पर छापेमारी की गई। इसकी रिपोर्ट सीएमओ को भेजी जाएगी।