दो बार योजना का लाभ लेने वाले कृषकों की कराई जाएगी जांच
बागपत। जिले में फसल ऋण मोचन योजना और एनपीए समाधान योजना का कृषकों ने दो-दो बार लाभ ले लिया है। शासन ने कृषि विभाग को इसकी सूची उपलब्ध कराई है। कृषि अधिकारी ने एलडीएम और एआर कोआपरेटिव को पत्र लिखकर जांच कर कार्रवाई करने का अनुरोध किया है।
सूबे की सरकार ने एक लाख रुपये तक के कर्ज वाले कृषकों के लिए फसल ऋण मोचन योजना चलाई थी। जिसमें लगभग 24 हजार कृषकों को योजना का लाभ दिया गया था। इस योजना में ऐसे कृषक भी शामिल है जिन्होंने दो-दो जगह से योजना का लाभ ले लिया है। शासन की पड़ताल में इसका खुलासा हुआ है। जिला कृषि अधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि एनपीए समाधान योजना में ऐसे कृषक जिनकी प्रासांगिक धनराशि 1.33 लाख से अधिक है के क्रम में एक मुश्त समझौता कर अग्रेत्तर कार्रवाइ की गई है। ऐसे कृषक जो एक ही केसीसी संख्या पर एक से अधिक बार लाभांवित हो गए है। एक लाख रुपये से अधिक लाभांवित हुए है। इसकी वापसी की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि एनपीए के 26 और नॉन एनपीए के 106 कृषकों की सूची शासन ने भेजी है। उन्होंने सहायक निबंधक सहकारी समितियां एवं जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक को पत्र जारी किया। उक्त बिंदुओं पर आज तक समुचित कार्रवाई नहीं की गई है जो खेदजनक है। उन्होंने दोनो अधिकारियों से संबंधित बैंक शाखा प्रबंधकों को अपने स्तर से निर्देशित कर कार्रवाई कराने का अनुरोध किया है।