अग्रवाल मंडी टटीरी से छात्र रवि धामा हत्याकांड के आरोपी अनुज के अपहरण के मामले में आरोपी दिल्ली पुलिस के सिपाही ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। यूपी पुलिस का सिपाही अभी फरार है। आरोपी बोला कि उसे राजनीति के तहत फंसा गया है। उसने किसी का अपहरण नहीं किया। पुलिस अपहृत को नहीं ढूंढ पाई।
निबाली गांव के छात्र रवि धामा हत्याकांड के आरोपी अनुज का 28 नवंबर को अग्रवाल मंडी टटीरी से कार सवार कुछ लोग अपहरण करके ले गए थे। अपहृत के मामा ने मृतक छात्र के भाई एवं दिल्ली पुलिस के सिपाही मनोज धामा, यूपी पुलिस के सिपाही कपिल धामा के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस अभी तक अपहृत अनुज को बरामद नहीं कर पाई। उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। मंगलवार को आरोपी दिल्ली पुलिस के सिपाही मनोज धामा ने पुलिस को चकमा देकर सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। मनोज धामा ने बताया कि उसने किसी का अपहरण नहीं किया। राजनीति के तहत उसे फंसाया जा रहा है। वह नहीं जानता कि अनुज कहां पर है। अनुज ने ही अपहरण की झूठी कहानी बनाकर उन्हें फंसा दिया। कोर्ट से उसे जेल भेजा। इस मामले में यूपी पुलिस का सिपाही कपिल धामा फरार है। पुलिस ने सिपाही मनोज धामा को रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी लगाई है। कोतवाली प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि रिमांड पर लेकर आरोपी से पूछताछ की जाएगी। अपहृत अनुज की तलाश की जा रही है।
गैर हाजिर है कपिल धामा
बागपत। पुलिस ने बताया कि अपहरण के आरोपी दिल्ली पुलिस का सिपाही मनोज धामा राष्ट्रपति भवन दिल्ली में तैनात था। उसने अपहरण करने से एक दिन पहले मेडिकल लगाकर छुट्टी ली थी। वहीं यूपी पुलिस का सिपाही कपिल धामा मुरादाबाद पुलिस लाइन में तैनात हैं, लेकिन वह ड्यूटी पर नहीं गया। वह घटना के एक दिन पहले से ही गैर हाजिर चल रहा है।
हत्या की फैला रखी है अफवाह
बागपत। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने गांव में अफवाह फैला रखी है कि उन्होंने अनुज की हत्या कर उसका शव गंगनहर में फेंक दिया। उन्होंने भाई रवि धामा की हत्या का बदला ले लिया है।
आरोपी महिला ने किया कोर्ट में सरेंडर
बागपत। सिंघावली अहीर थाना क्षेत्र के गौसरपुर गांव की महिला नौसारा की गैर इरादतन हत्या के मामले में आरोपी मसरकीन उर्फ मुसरे पत्नी आश मोहम्मद ने सीजेएम कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया। झगड़े में घायल नौसारा की 30 नवंबर को उपचार के दौरान अस्पताल में मौत हो गई थी।