बड़ौत (बागपत)। जलालपुर गांव में प्रमुख सचिव के दौरे की सूचना से ब्लाक अफसरों की नींद उड़ गई है। गत रात्रि से ही ब्लाक सहित अन्य विभाग के अधिकारी गांव में डेरा जमाए हुए हैं। वहीं बुधवार को पूरे दिन प्रमुख सचिव के आने की सूचना मिलती रही, लेकिन देर शाम तक प्रमुख सचिव गांव नहीं पहुंची।
प्रदेश की योगी सरकार विकास कार्यों में किसी प्रकार की अनियमितता बरतने के मूड में नहीं है। जो योजनाएं गांव में संचालित हैं और योजना के तहत विकास कार्य हो रहे हैं, उन सभी पर शासन व प्रशासनिक स्तर से नजर रखी जा रही है, इसके अलावा बीच-बीच मेें लखनऊ से आए अधिकारी भी गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण कर हकीकत जानकर शासन को रिपोर्ट प्रस्तुत कर रहे हैं। पिछले दो दिनों से ब्लाक अफसरों को सूचना मिल रही है कि प्रमुख सचिव अनुराधा शुक्ला जलालपुर गांव का औचक निरीक्षण करेंगी, इस सूचना पर विभागीय अफसरों की नींद उड़ गई है। मंगलवार की रात्रि मेें बीडीओ प्रेमचंद, सचिव भूपेंद्र, एडीओ आईएसबी जयपाल सिंह, एडीओ पंचायत रणधोल, एडीओ कृषि तेजपाल चौहान सहित अन्य कर्मचारियों ने गांव में डेरा डाल लिया। बुधवार को डीडीओ हुबलाल सहित अन्य अधिकारी गांव पहुंचे और गांव में प्रमुख सचिव के आगमन पर टैंट, कुर्सियां तक लगवा दी गईं। पूरे दिन प्रमुख सचिव के आने की सूचना अधिकारियों को मिलती है, लेकिन देर शाम अचानक प्रमुख सचिव का दौरा स्थगित कर दिया गया, तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। प्रधान शाहिद का कहना था कि पारदर्शिता के साथ गांव में सचिव भूपेंद्र द्वारा विकास कार्य कराए जा रहे हैं। किसी भी विकास कार्य में लापरवाही नहीं बरती जा रही है।