बिनौली (बागपत)। बड़ौत मेरठ मार्ग पर जौहड़ी के पास रोडवेज बस की टक्कर में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। बस भी अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में जा गिरी, इससे बस चालक समेत कई यात्री भी चोटिल हो गए।
मंगलवार शाम बड़ौत मेरठ मार्ग पर जौहड़ी गांव स्थित तिरंगा होटल के पास भैसाली डिपो की मेरठ की ओर से तीव्र गति से आ रही अनुबंधित रोडवेज बस ने बड़ौत की ओर से आ रही बाइक में टक्कर मार दी, इससे बाइक चला रहा रंछाड़ गांव निवासी समरजीत उर्फ मोनू (21) पुत्र विनोद तोमर और पीछे बैठा अंकुर शर्मा पुत्र कृष्ण कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में पेड़ से जा टकराई, इससे बस चालक राहुल पुत्र नकली सिंह निवासी लौहड्डा गेट बड़ौत सहित आधा दर्जन यात्री भी चोटिल हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बिनौली सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने समरजीत को मृत घोषित कर दिया। थाना पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भिजवाया। सोमवार को भी इसी जगह पर कार और बाइक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई थी जबकि बाइक सवार दूसरे युवक की हालत भी चिंताजनक बनी है।