दोघट (बागपत)। टीकरी-परासौली मार्ग की सड़क पूरी तरह से टूट गई है, इससे लोगों को परेशानी हो रही है। नाराज ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया।
टीकरी कस्बे के काफी ग्रामीण मार्ग पर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा टीकरी-परासौली मार्ग पर 25 साल से सड़क का निर्माण नहीं हुआ है। सड़क पूरी तरह से टूटी हुई है। गहरे-गहरे गड्ढे बने हैं। कई बार जनप्रतिनिधियों से सड़क बनवाने को लेकर कहा जा चुका है, लेकिन न विधायक, न सांसद और न ही प्रशासन इस ओर दे रहा है। पिछले माह ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण विभाग मंत्री केशव प्रसाद मौर्य को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को दिया , जिस पर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस सड़क पर पहले पड़ासौली बस स्टैंड से टीकरी तक आवागमन के लिए घोड़ा-बुग्गी (तांगे) आदि चला करते थे, लेकिन अब सड़क खराब होने से आवागमन बंद हो गया है। ग्रामीणों ने कहा यदि शीघ्र सड़क का निर्माण नहीं कराया तो उग्र आंदोलन होगा। इसमें शिव कुमार राठी, अमरजीत, नीटू राठी, मनोज, राजेंद्र ठाकुर, गौरव, अर्जुन, तालिब, बादल, अमित आदि रहे।