ट्रांसफार्मर मेें आग लगने से मची भगदड़
बड़ौत (बागपत)। नगर के पट्टी चौधरान में रखे 400 केवीए के विद्युत ट्रांसफार्मर में बुधवार तड़के अचानक आग लगने से वहां से गुजर रहे लोगों में भगदड़ मच गई। कई लोगों ने भागकर जान बचाई, वहीं पास में खेल रहे कई बच्चे चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। इसे लेकर लोगों ने हंगामा किया।
पट्टी चौधरान में काफी समय से 400 केवीए का विद्युत ट्रांसफार्मर रखा हुआ है। बुधवार को तकनीकी खराबी के कारण अचानक तेज धमाके के साथ ट्रांसफार्मर में आग लग गई। इससे वहां से गुजरने वाले लोगों में भगदड़ मच गयी। कुछ लोग भागे तो आसपास गलियों में खेल रहे कई बच्चे बच गए। ट्रांसफार्मर फुंकने से इससे जुडे़ क्षेत्र मेें विद्युत सप्लाई ठप हो गई। लेकिन सूचना के घंटों बाद भी कोई मौके पर नहीं पहुंचा। उपभोक्ताओं का कहना था कि कर्मचारियों का विद्युत सप्लाई और राजस्व वसूली पर कोई ध्यान नहीं है। आरोप लगाया कि कर्मचारी चेकिंग अभियान के बहाने उपभोक्ताओं से जमकर अवैध वसूली कर रहे हैं। लेकिन शिकायतों के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है। हंगामा बढ़ने की सूचना पर एसडीओ गोपाल और जेई आलोक कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने उपभोक्ताओं को शांत किया। एसडीओ गोपाल ने बताया कि आग लगने से करीबन साढ़े पांच लाख का नुकसान पहुंचा है। जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगवा दिया जाएगा।