किसानों ने किया ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन
दोघट। मांगरौली के जंगल में हाईटेंशन विद्युत लाइन के जर्जर तारों से चिंगारी गिरने से किसान की दो बीघा गन्ने की फसल जल गई। इससे नाराज किसानों ने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन कर मुआवजे की मांग की। मांगरौली निवासी किसान नूर मोहम्मद के खेत के ऊपर से हाईटेंशन विद्युत लाइन जा रही है। शनिवार की शाम जर्जर लाइन से चिंगारी गिरकर नीचे खड़ी गन्ने की फसल में आग लग गई। आग लगने की सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने संतनगर बिजलीघर पर सूचना देकर विद्युत सप्लाई बंद कराई मिट्टी और पानी डालकर आग पर काबू पाया लेकिन तब तक किसान की दो बीघा गन्ने की फसल जल चुकी थी। इसको लेकर किसानों में आक्रोश व्याप्त हो गया और उन्होंने ऊर्जा निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया। चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही जर्जर तार न बदलवाए गए और पीड़ित किसान को उसकी जली फसल का मुआवजा न मिला तो धरना शुरू कर देंगे। इसमें आजाद, शेर मोहम्मद, रासू, नूरजहां, मीना, नियाजो, रूबिदा, महेश, सुभाष आदि मौजूद रहे।
चार बीघा गन्ने की फसल जलाई
दोघट। हिम्मतपुर सूजती मार्ग पर दोघट के किसान राजकुमार के गन्ने के खेत में रविवार की दोपहर असामाजिक तत्वों ने आग लगा दी। इससे किसान की चार बीघा फसल जल गई। आग लगने की सूचना पर पहुंचे किसानों ने आग पर काबू पाया। पीड़ित किसान ने दोघट थाने पर तहरीर दी है। इससे पूर्व भी गत वर्ष किसान की पांच बीघा फसल जला दी गई थी।