दोघट/ दोघट (बागपत)। जूनियर हाईस्कूल सूजती में हजारों रुपये की गड़बड़ी करने का मामला प्रकाश में आया है। स्कूल की तीन बीघा कृषि भूमि की उगाही पर दी हुई है। ग्रामीणों की शिकायत पर बीएसए ने जांच के आदेश दिए हैं।
जूनियर हाईस्कूल सूजती की तीन बीघा कृषि भूमि है। प्रधानाध्यापक संबंधित भूमि को उगाही पर देकर उससे मिलने वाले पैसे को अपने खाते में जमा कराते हैं। ग्रामीणों ने बीएसए से शिकायत कर बताया प्रधानाध्यापक ने 2014 में इन जमीन की उगाही से मिले 15 हजार रुपये को खाते में जमा कराया था, लेकिन इसके बाद खाते में कोई रुपये जमा नहीं कराए । वर्ष 2015, 2016 एवं 2017 की उगाही के रुपये का कोई अता पता नहीं है। जबकि 2015 में ऋषिपाल पुत्र रणजीत, 2016 में मुन्नी पुत्र जगवीर व 2017 में ऋषिपाल पुत्र हरफूल को विद्यालय की तीन बीघा जमीन 8300 रुपये प्रति बीघा के हिसाब से उगाही पर दी । विगत तीन साल में 74,700 रुपये उगाही के बैठते हैं। संबंध में बीएसए को शिकायत की। बीएसए ने बीआरसी बिनौली को जांच के आदेश दिए हैं। बीएसए योगराज सिंह ने कहा जांच कराई जा रही है। उधर, प्रधानाध्यापक अब्बास ने कहा जमीन किस-किस किसान को दी, इसका रिकार्ड उनके पास नहीं है।