अमीनगर सराय (बागपत) । मंडलायुक्त डॉ. प्रभात कुमार और डीआईजी राम कुमार ने पुरा महादेव मेले की तैयारियों का जायजा लिया। निर्देश दिए पुरा में कांवड़ मार्ग के दोनों तरफ मजबूत बैरिकेडिंग होनी चाहिए। लापरवाही करने वाले अफसरों पर कार्रवाई होगी। शिव भक्तों की सुविधा का ध्यान रखा जाए। यही नहीं संदिग्ध लोगों पर भी नजर रखी जाएगी।
बृहस्पतिवार को पुरा महोदव स्थित गेस्ट हाउस में मंडलायुक्त और डीआईजी ने जिले के अफसरों की बैठक ली। डीपीआरओ को निर्देशित किया मंदिर परिसर में साफ-सफाई दुरुस्त रहे। विभागीय अधिकारी अपनी व्यवस्थाओं के प्रति सतर्क रहे। पुरा महादेव कांवड़ मानचित्र का अवलोकन कर कहा मंदिर के सामने कोई भी दुकान नहीं लगनी चाहिए, इससे व्यवस्था बिगड़ती है। डीआईजी ने कहा पुलिस प्रशासन अपनी ड्यूटी मुस्तैदी के साथ करें। मेले पर पैनी नजर रखी जाएगी। मेले को शांति और सुव्यवस्थित ढंग से कराएं। कांवड़ियों की समस्याओं का ध्यान रखा जाए। मानचित्रों द्वारा आने-जाने वाले मार्गों पर रास्तों की दिशा के होर्डिंग ऐरो-चिह्न के अनुसार लगे हो, तकि कांवड़ियों को मार्ग ढूंढने में कोई समस्या न रहे।
मंडलायुक्त ने विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए कांवड़ मार्ग पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर रहे। 18 जुलाई से 24 घंटे बिजली सप्लाई होनी चाहिए। अधिशासी अभियंता को निर्देश दिए चार्जिंग प्वाइंट भी अधिक से अधिक शिविर कैंप में व्यवस्था करें। जल निगम कांवड़ मार्ग पर जो हैंड़पंप खराब हैं उन्हें तत्काल ठीक कराए। वाटर टैंक की भी व्यवस्था सुनिश्चित करें। लोनिवि को निर्देश दिए जो कांवड़ मुख्य मार्ग अभी भी अधूरा है, उन गड्ढों को भरे, कांवड़ यात्रा में शिव भक्तों को कोई समस्या न हो। जगह-जगह 26 सीसी टीवी कैमरे लगाए जाएंगे। अंडा, मीट और शराब की दुकानें कांवड़ मार्ग पर बंद कराई जाएगी। डीएम भवानी सिंह खंगारौत ने बताया व्यवस्थाएं दुरुस्त की जा रही है। इस दौरान एसपी डी प्रदीप कुमार, एएसपी अजय कुमार मौजूद रहे।