बिनौली (बागपत)। बॉलीवुड की फिल्म सांड़ की आंख में नया ट्विस्ट आ गया है। निर्माता निर्देशक प्रकाश झा फिल्म मेें शूटर दादी चंद्रो तोमर एवं प्रकाशी तोमर के जेठ की भूमिका नहीं निभाएंगे। बायोपिक में झा की भूमिका वही रहेगी, लेकिन किरदार का नाम बदला जाएगा। निर्देशक तुषार हीरानंदानी और अनुराग कश्यप किरदार को नया नाम देने पर मंथन कर रहे हैं। उनके किरदार को अब दादियों के ससुर, गांव के प्रधान या खाप के चौधरी की भूमिका फिल्म में दर्शाया जा सकता है।
सांड़ की आंख की शूटिंग चल रही है। अभी तक दो गाने और फिल्म के कुछ दृश्य ही फिल्माए गए हैं। अभिनेत्री भूमि पेडनेकर शूटर दादी चंद्रो तोमर और तापसी पन्नू प्रकाशी तोमर की भूमिका निभा रही है। फिल्म के अहम किरदारों में अभी तक शूटर दादी के अलावा उनके जेठ चौधरी अटल सिंह ठेकेदार की भूमिका थी। प्रकाश झा को कहानी केंद्र में रखकर अटल सिंह की भूमिका निभानी है,। लेकिन शूटिंग शुरू होने के बाद नया मोड़ आ गया। प्रकाश झा की फिल्म में भूमिका तो रहेगी, लेकिन उनके किरदार का नाम चौधरी अटल सिंह ठेकेदार नहीं होगा। इसकी वजह अंदरूनी बताई जा रही है। प्रकाश झा को खाप के चौधरी, गांव के प्रधान या परिवार के एक काल्पनिक किरदार की भूमिका दी जा सकती है।
कौन है अटल सिंह, क्यों हट गया नाम
बिनौली। शूटर दादी चंद्रो तोमर और प्रकाशो तोमर के सगे जेठ हैं। चंद्रो तोमर के पति का नाम भंवर सिंह थे, जबकि प्रकाशी तोमर के पति का नाम जय सिंह हैं। अटल सिंह ठेकेदार ईंट भट्ठा संचालक हैं।
बायोपिक के नाम को लेकर छिड़ा संग्राम
बिनौली। शूटर दादी की बायोपिक के नाम को लेकर भी विवाद सामने आया था। शूटिंग से एक दिन पहले फिल्म का नाम सांड़ की आंख एलान किया गया। जबकि पहले नाम वुमनियां रखे जाने की बात चल रही थी।
दिनभर रही भीड़, आज शूटिंग का आखिरी दिन
बिनौली। दिनभर जौहड़ी में शूटिंग देखने के लिए लोगों की भीड़ रही। प्रकाश झा और अभिनेत्री तापसी पन्नू के साथ लोगों ने फोटो खिंचवाई। दोनों दादियों के घर भी लोगों की आवाजाही रही।