बिनौली (बागपत)।
रालोद कार्यकर्ताओं की बैठक सोमवार को बिनौली में हुई। जिसमें वक्ताओं ने भाजपा की केंद्र व प्रदेश सरकार को किसान विरोधी बताया।
इसमें प्रांतीय सचिव रणबीर सिंह दहिया ने कहा कि प्रदेश में गन्ना किसान भुगतान के लिए संघर्ष कर रहा है। सरकार के तमाम दावों और प्रयासों के बाद भी निजी मिलें भुगतान नहीं कर रही है। प्रदेश के सीएम योगी की मिलों के प्रबंधन के खिलाफ भुगतान न करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी बेअसर साबित हो रही है। उन्होंने कहा कि बेसहारा गोवंश किसानों की फसलों को बर्बाद कर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी आश्रय की कोई व्यवस्था नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार किसानों के साथ धोखा कर रही हैं। लोकसभा चुनाव में भाजपा को किसानों की अनदेखी का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि सपा, बसपा और रालोद गठबंधन प्रदेश में भाजपा का सफाया कर देगा। जिला महासचिव राजू तोमर सिरसली ने कहा कि प्रदेश सरकार की घोषणाएं हवाई साबित हो रही हैं। इसमें कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुटने की अपील की। इसकी अध्यक्षता भोपाल सिंह ने की। संचालन राजू तोमर ने किया। इसमें संसार सिंह, आशीष तोमर, मंगल सिंह, हरिओम तोमर, मदन पाल सिंह, योगपाल तोमर, सुरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, गगन धामा, सोनू दहिया, सुधीर, अमित, रूबी दहिया आदि मौजूद।