बागपत। तीन दिन से चल रही बारिश के कारण बिजली आपूर्ति गड़बड़ा गई है। जगह-जगह बिजली के करीब 50 खंभे टूटे पड़े हैं। इससे गांव और शहरों में बिजली नहीं पहुंच रही है। लाइनों में भी फाल्ट आ गया है। सूचना मिलने पर विद्युत निगम कर्मचारी लाइन पर कार्य कर रहे है। कंडेरा मेें 10 घंटे बाद आपूर्ति सुचारु हो सकी।
बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सबसे ज्यादा समस्या बिजली आपूर्ति को लेकर हो रही है। दर्जनों गांव ऐसे हैं, जहां पर दो दिन से लाइट नहीं आई है। इससे हजारों परिवारों के सामने परेशानी खड़ी हो गई है। पशुओं का चारा नहीं मिल रहा है, पेयजल की किल्लत खड़ी हो गई है। बिजली उपकरण शोपीस बनकर रह गए हैं। पीने के पानी की समस्या भी कई जगह लोगों के सामने पहुंच गई है। ग्रामीणों ने विद्युत निगम से बिजली की समस्या का समाधान कराने की मांग है। एसडीओ राणा प्रताप सिंह ने बताया कि सरूरपुर कलां सहित विभिन्न स्थानों पर हाईटेंशन और एलटी लाइन के खंभे टूट गए हैं। कई जगह लाइनों में भी फाल्ट है। इन फाल्ट को कर्मचारियों को भेजकर ठीक कराया जा रहा है। जल्द ही क्षेत्र में विद्युत व्यवस्था दुरुस्त हो जाएगी। जिले भर में करीब 50 खंभे टूटे हैं, इससे विद्युत सप्लाई करने में परेशानी खड़ी हो गई है।