छपरौली (बागपत)। आसमान में छाए बादलों के बीच इंद्र देव की मेहरबानी सिर्फ छपरौली क्षेत्र में हुई। करीब डेढ़ घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। कृषि विभाग के अनुसार 119 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। खेतों में पानी भर गया। फसलें गिर गई। छपरौली क्षेत्र के दर्जनभर से अधिक गांवों में बारिश हुई है।
बुधवार को शाम के करीब तीन बजे ही आसमान में बादल छाने शुरू हो गए थे। करीब चार बजे छपरौली और इसके आसपास में ही मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। जबकि जिले के अन्य हिस्सों में बारिश नहीं हुई है। छपरौली मेें डेढ़ घंटे तक जोरदार बारिश हुई। इससे कस्बे के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में गलियों में जलभराव हो गया। खेतों में पानी भर गया। हवा के साथ बारिश होने के कारण ज्वार और ईख की फसल गिर गई। राजकीय बीज भंडार छपरौली के प्रभारी महेश खोखर का कहना है कि डेढ़ घंटे में करीब 119 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। वर्षामापी यंत्र से यह बारिश रिकॉर्ड की गई है। बारिश ने छपरौली क्षेत्र में पिछले करीब 15 साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। बारिश होने के कारण कस्बे के बाजार में करीब 50 दुकान और सैकड़ों मकानों में पानी भर गया। इससे सैकड़ों लोगों का लाखों रुपये का नुकसान हो गया। बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। लोगों को गर्मी से राहत मिली। हलालपुर गांव के बुजुर्ग कृष्णपाल सिंह का कहना है कि लंबे समय बाद मूसलाधार बारिश हुई है। बारिश से किसी तरह के नुकसान की सूचना नहीं है।
बीएसए ने किया सजायाफ्ता शिक्षक को निलंबित
बागपत। बीएसए योगराज सिंह ने बताया कि गाजियाबाद के न्यायालय से सजा सुनाए जाने के बाद खेकड़ा ब्लॉक के शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। उनकी सभी रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी से मिल चुकी है।